जयपुर, 15 अप्रैल 2026: ब्राह्मण महिला परिषद द्वारा भगवान परशुराम जी के पावन जन्मोत्सव के अवसर पर 19 अप्रैल को जयपुर में भव्य भजन, नृत्य एवं महाआरती कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम गोविंद देव जी मंदिर के पास स्थित जगतगुरु आश्रम में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में कई प्रमुख अतिथि शामिल होंगे, जिनमें आल इंडिया ब्राह्मण फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री पंडित एस.डी. शर्मा, पूर्व महापौर जयपुर पंकज जोशी, जयपुर शहर भाजपा के उपाध्यक्ष हिरेन मिश्रा, मृदुला अरुण चतुर्वेदी तथा एआईबीएफ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पं. मोहन प्रकाश शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।
महा आरती का आयोजन हवामहल क्षेत्र के विधायक एवं धर्माचार्य स्वामी बालमुकुंद आचार्य तथा नरवर आश्रम, खोले के हनुमान जी जयपुर के महामंत्री ब्रजमोहन शर्मा द्वारा किया जाएगा।
कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें भजन और नृत्य प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जबकि महाआरती दोपहर 3 बजे संपन्न होगी।
ब्राह्मण महिला परिषद की प्रदेश अध्यक्ष अरुणा गौड़ ने सभी श्रद्धालुओं और जयपुरवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है।

